Sahebganj News: विधायक का जनता दरबार, PM आवास की किस्त से लेकर पेयजल संकट तक पर हुआ ऑन-द-स्पॉट फैसला

बरहरवा: प्रखंड परिसर स्थित विधायक कक्ष में मंगलवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। विधायक प्रतिनिधि बरकत खान के संचालन में हुए इस दरबार में विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी फरियाद लेकर पहुंचे। जनता दरबार में लोगों ने प्रमुख रूप से जमीन विवाद के मामले, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित दूसरी किस्त न मिलने से रुके निर्माण कार्य, मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी दिक्कतें, पेयजल संकट और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ न मिलने की समस्याएं रखीं। कई लाभुकों ने शिकायत की कि पीएम आवास की दूसरी किस्त में देरी से उनका घर का काम अधूरा पड़ा है।
विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। कई मामलों का मौके पर ही निपटारा कराया गया। वहीं, जटिल और प्रशासनिक मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर बात कर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लंबित मामलों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। बरकत खान ने कहा कि जनता दरबार का मकसद है कि आम लोगों को सरकारी दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। समयबद्ध समाधान हो। जनप्रतिनिधि और प्रशासन के बीच समन्वय से लोगों की परेशानी कम करना हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने आगे बताया कि नियमित जनता दरबार से अब तक सैकड़ों लोगों की समस्याएं सुलझाई जा चुकी हैं। ग्रामीणों को अपनी बात रखने का एक प्रभावी मंच मिला है। ग्रामीणों का कहना है कि जनता दरबार से भरोसा बढ़ा है और समाधान की प्रक्रिया पहले से सरल हुई है। लोगों ने ऐसे कार्यक्रम नियमित आयोजित करने की मांग की।


