साहिबगंज में सभी बूथों पर चिपकी ‘अन-मैप्ड’ मतदाता सूची, तुरंत करें नाम जांच

साहिबगंज: आगामी चुनाव को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन एक्शन में आ गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शुक्रवार से जिले के सभी मतदान केंद्रों पर ‘अन-मैप्ड मतदाताओं’ की सूची प्रकाशित कर दी गई है। ये उन मतदाताओं की सूची है जिनका नाम, पता या बूथ मैपिंग में कोई गड़बड़ी हो सकती है। अब 2 हफ्ते तक ये लिस्ट हर बूथ पर चिपकी रहेगी ताकि लोग खुद चेक कर सकें।
सूची प्रकाशन के तीसरे दिन सोमवार को बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचे। लोगों ने लिस्ट में अपना नाम, उम्र, पता चेक किया और बीएलओ से जानकारी ली। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने सभी अधिकारियों को साफ निर्देश दिया है कि सत्यापन का काम पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और तय समय में पूरा हो। जिले का कोई भी पात्र मतदाता वोट देने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इस मौके का फायदा उठाएं। लिस्ट में अपना नाम और डिटेल देखें। नाम-उम्र या पते में गलती है तो सुधार के लिए फॉर्म भरें। अगर आप शिफ्ट हो गए हैं और बूथ बदलवाना है तो आवेदन दें। 18 साल पूरे कर चुके हैं या नाम छूट गया है तो नया नाम जुड़वाएं। इनमें से कोई भी काम कराने के लिए अपने बूथ लेवल ऑफिसर से मिलें या जिला निर्वाचन कार्यालय, साहिबगंज में संपर्क करें।


