Dhanbad News: डालसा की बड़ी पहल, बस्ताकोला के जीवन संस्थान में दिव्यांग बच्चों के अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम

धनबाद: नब्बे दिवसीय अवेयरनेस एवं आउटरीच कार्यक्रम के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), धनबाद की ओर से रविवार को बस्ताकोला स्थित जीवन संस्थान में मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों के अधिकारों एवं उनके लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश निकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर आयोजित हुआ।
डालसा के सचिव सह अवर न्यायाधीश मयंक तुषार टोपनों ने बताया कि मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मानजनक जीवन जीने का समान अधिकार प्राप्त है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को दिव्यांग बच्चों एवं उनके अभिभावकों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं, सुविधाओं तथा कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह दिव्यांग बच्चों के अधिकारों की रक्षा करते हुए उनके समावेशी विकास में सहयोग करे। साथ ही प्रतिभागियों को निःशुल्क विधिक सहायता, बाल अधिकार संरक्षण तथा सामाजिक कल्याण योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम में पैरा लीगल वॉलंटियर चंदन कुमार, गीता कुमारी, हेमराज चौहान, अनामिका सिंह, नवीन कुमार, डिपेंटी गुप्ता, पूनम कुमारी सहित अन्य पीएलवी मौजूद रहे।


