Giridih News: आधी रात को केंद्रीय कारा में डीसी-एसपी की रेड, दो घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन

गिरिडीह: गिरिडीह केंद्रीय कारा में शनिवार देर रात्रि उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार अचानक भारी पुलिस बल के साथ जेल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने करीब दो घंटे तक जेल के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली और सुरक्षा व्यवस्था की नब्ज टटोली।
बैरक से किचन तक चला सर्च ऑपरेशन
छापेमारी के दौरान डीसी-एसपी की टीम ने पुरुष वार्ड, महिला वार्ड, अस्पताल वार्ड, किचन, स्टोर रूम और मुलाकाती कक्ष की बारीकी से जांच की। कैदियों के बिस्तर, सामान और संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली गई। हर सीसीटीवी कैमरे की लोकेशन और रिकॉर्डिंग की भी समीक्षा की गई। हालांकि प्रशासन ने जब्त सामान को लेकर कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया। सूत्रों के अनुसार कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।
जेल अधीक्षक को दो टूक: लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सुरक्षा समीक्षा के बाद डीसी रामनिवास यादव ने जेल अधीक्षक को कड़े लहजे में हिदायत दी। उन्होंने कहा, “जेल की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। 24 घंटे सीसीटीवी सक्रिय रहें, मुलाकातियों की तीन स्तरीय जांच हो और ड्यूटी रोस्टर में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए।”
वहीं, एसपी डॉ. बिमल कुमार ने जेल के अंदर मोबाइल इस्तेमाल रोकने के लिए जैमर सिस्टम को और मजबूत करने तथा संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए।
‘अब हर माह होगी औचक जांच’
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि केंद्रीय कारा की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “अब हर महीने औचक निरीक्षण होगा। सुरक्षा में जरा-सी चूक पर सीधे संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।”
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस हाई-प्रोफाइल छापेमारी में सदर एसडीओ, मुख्यालय डीएसपी, नगर थाना प्रभारी, मुफस्सिल थाना प्रभारी समेत जिला प्रशासन और पुलिस के दर्जनों अधिकारी मौजूद रहे।


