Bokaro News: हम आपको सुनते हैं’ लोक संवाद में डीडीसी ने की 39 मामलों की सुनवाई

बोकारो : आमजनों की समस्याओं को सुनने, शिकायतों के समाधान की दिशा में पहल करने और प्रशासन व जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से मंगलवार को आयोजित ‘हम आपको सुनते हैं’ लोक संवाद कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 39 मामलों की सुनवाई की।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें डीडीसी के समक्ष रखीं। उन्होंने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुना और आवेदकों से संबंधित विषयों की जानकारी प्राप्त की। प्राप्त आवेदनों के आधार पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया।
लोक संवाद के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों पर सुनवाई की गई। डीडीसी ने कहा कि आमजनों की ओर से प्रस्तुत प्रत्येक आवेदन महत्वपूर्ण है। शिकायतों की प्रकृति को समझते हुए उनकी उचित जांच की जानी चाहिए और संबंधित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। जिन मामलों में विभागीय स्तर पर कार्रवाई अपेक्षित है, उनमें संबंधित पदाधिकारी आवश्यक पहल करें, ताकि आवेदकों को समय पर राहत मिल सके।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि शिकायतों के निष्पादन के लिए आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। प्रशासनिक स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए मामलों का निष्पादन पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से किया जाए।
डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने कहा कि लोक संवाद कार्यक्रम आमजनों की समस्याओं को सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए नागरिक अपनी शिकायतों और समस्याओं से प्रशासन को अवगत करा सकते हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि आमजनों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना जाए और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
मौके पर प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, प्रभारी पदाधिकारी हेमलता बून, एडीडीएस सुचिता किरण, एपीआरओ अविनाश कुमार, पीओ माणिक प्रजापति सहित अन्य उपस्थित थे।


