Hazaribagh News: विधायक प्रदीप प्रसाद पहुंचे पलाश मार्ट, स्वदेशी उत्पाद खरीदकर दिया ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश

हजारीबाग: विधायक प्रदीप प्रसाद ने आज पलाश मार्ट पहुँचकर झारखंड की मातृशक्ति द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को मजबूत किया। इस अवसर पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि पलाश मार्ट में हमारी मातृशक्ति द्वारा प्रेम, परिश्रम और आत्मनिर्भरता की भावना से निर्मित उत्पादों की बिक्री होती है। जब भी वे पलाश मार्ट के पास से गुजरते हैं, उनके कदम स्वतः ही रुक जाते हैं और मन स्थानीय उत्पादों की खरीदारी के लिए प्रेरित हो उठता है।
उन्होंने कहा कि इन उत्पादों को हाथ में लेते ही उनमें महिलाओं की मेहनत, उनके सपनों की चमक और हमारी मिट्टी की सोंधी खुशबू महसूस होती है। हर वस्तु अपने भीतर संघर्ष, आत्मविश्वास और स्वाभिमान की कहानी समेटे हुए है। यह केवल सामान नहीं, बल्कि हमारे गाँवों की आशा, हुनर और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री द्वारा दिया गया ‘वोकल फॉर लोकल’ का मंत्र केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश को आत्मनिर्भर बनाने का जन-आंदोलन है। स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने से हम किसी बहन के सपनों को सहारा देते हैं, परिवारों के भविष्य को मजबूत करते हैं और राज्य व देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाते हैं।
उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि अधिक से अधिक स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को अपनाएँ, खरीदें और उनका प्रचार-प्रसार करें, ताकि झारखंड की मेहनती बहनों के प्रयासों को सम्मान मिल सके और उनके उत्पाद हर घर तक पहुँच सकें।


