Giridih News: ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति, बरमसिया और टावर चौक पर लगेंगे आधुनिक सिग्नल और साइनेज

गिरिडीह: शहर के विकास को रफ्तार देने के लिए स्टील उद्योग जगत ने नगर निगम के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का फैसला लिया है। पिछले दिन नगर निगम सभागार में हुई बैठक में स्टील उद्योगों की शहर के सौंदर्यीकरण और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने में सक्रिय भागीदारी पर सहमति बनी।
सी एस आर से चमकेगा शहर
बैठक में तय हुआ कि शहर के मुख्य चौक-चौराहों, डिवाइडरों और एंट्री पॉइंट्स का सौंदर्यीकरण स्टील कंपनियां अपने CSR फंड से कराएंगी। बरमसिया, बस स्टैंड, टावर चौक और कचहरी रोड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में आधुनिक ट्रैफिक सिग्नल और साइनेज लगाए जाएंगे।
जाम से मिलेगी राहत
शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम को लेकर उद्योग प्रतिनिधियों ने चिंता जताई। निर्णय लिया गया कि नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर ‘नो पार्किंग जोन’ चिह्नित किए जाएंगे और अलग से पार्किंग जोन विकसित होंगे। भारी वाहनों के शहर में प्रवेश का समय भी निर्धारित किया जाएगा।
‘शहर बढ़ेगा तो उद्योग भी बढ़ेगा’
महापौर प्रमिला मेहरा ने कहा, “गिरिडीह स्टील हब के रूप में पहचान बना रहा है। उद्योगों के सहयोग से हम इसे स्मार्ट और सुंदर शहर बनाएंगे। शहर का विकास होगा तो उद्योगों को भी फायदा मिलेगा।” स्टील एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। बैठक में नगर आयुक्त, सिटी मैनेजर, ट्रैफिक डीएसपी के साथ-साथ सलूजा स्टील, अतुल स्टील, शिवम आयरन समेत दर्जनभर स्टील उद्योगों के प्रतिनिधि मौजूद थे।


