Hazaribagh News: एसपी ने किया गोरहर थाना का औचक निरीक्षण: सुरक्षा व्यवस्था और पंजियों की गहन जांच

हजारीबाग: पुलिस अधीक्षक हजारीबाग द्वारा मंगलवार को गोरहर थाना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना की सुरक्षा व्यवस्था, लंबित कांडों की समीक्षा, वारंट एवं कुर्की के निष्पादन सहित विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की गहन जांच की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अमित आनंद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही अजीत कुमार विमल, पुलिस उपाधीक्षक प्रशांत कुमार एवं अनुभव भारद्वाज, पुलिस निरीक्षक इमदाद अंसारी, थाना प्रभारी रवि रंजन कुमार सहित गोरहर थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित थे। पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए सभी पंजियों का अवलोकन किया। उन्होंने लंबित कांडों, वारंट और कुर्की मामलों की समीक्षा कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही थाना क्षेत्र में फरार चल रहे अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।
एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में विधि-व्यवस्था शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए आम लोगों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय और संवाद स्थापित करें। उन्होंने कहा कि जनता के साथ पुलिस का व्यवहार सकारात्मक एवं सहयोगात्मक होना चाहिए, ताकि लोगों का भरोसा पुलिस पर और मजबूत हो सके।


