Sahibganj News: राजमहल से कोटालपोखर तक निकली भव्य कलश शोभायात्राएं, जय माता दी के जयकारों से गूंजा जिला

साहिबगंज में शारदीय नवरात्र पर निकाली गई भव्य कलश शोभायात्रा।
राजमहल से कोटालपोखर तक निकली भव्य कलश शोभायात्राएं, जय माता दी के जयकारों से गूंजा जिला

साहिबगंज: शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन साहिबगंज जिले में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। राजमहल रेलवे परिसर, मंगलहाट, सदर प्रखंड, कोटालपोखर और महादेवगंज सहित विभिन्न क्षेत्रों में भव्य कलश शोभायात्राएं निकाली गईं। इनमें बड़ी संख्या में महिलाओं और कन्याओं ने भाग लिया। जय माता दी के जयकारों और गाजे-बाजे से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

राजमहल रेलवे परिसर से गंगा तट तक निकली यात्रा

राजमहल रेलवे परिसर सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से मंदिर परिसर से कलश शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे के साथ यात्रा सूर्यदेव घाट स्थित उत्तरवाहिनी गंगा तट पहुंची, जहां पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरवाया। इसके बाद नगर भ्रमण करते हुए यात्रा वापस मंदिर परिसर पहुंची।

समिति के अध्यक्ष पंकज घोष ने बताया कि पूजा विधिवत शुरू हो गई है। इस वर्ष दशमी को आतिशबाजी और रावण वध का आयोजन किया जाएगा। वहीं, विसर्जन के दिन भव्य मूर्ति विसर्जन होगा।

मंगलहाट में 5001 कन्याओं की कलश यात्रा

मंगलहाट सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से निकाली गई कलश शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रही। यहां 5001 कन्याओं ने कलश यात्रा में भाग लिया। यात्रा मंदिर परिसर से डेढ़गामा होते हुए कन्हैयास्थान स्थित उत्तरवाहिनी गंगा तट पहुंची, जहां कलश में जल भरा गया।

समिति के अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष एकादशी के अवसर पर नौका दौड़, पारंपरिक आदिवासी नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

कोटालपोखर और झरना कॉलोनी में उमड़ा जनसैलाब

कोटालपोखर में चैती दुर्गा मंदिर से कलश शोभायात्रा निकाली गई। यह गांधी मोहल्ला रेल फाटक और आजाद चौक होते हुए शांति मोड़ तक पहुंची। यात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और माता रानी के जयकारे लगाए।

वहीं, सदर प्रखंड के झरना कॉलोनी में स्थायी प्रतिमा स्थापना को लेकर हजारों महिलाओं ने कलश शोभायात्रा निकाली। इसके अलावा महादेवगंज से भी विशाल कलश यात्रा निकाली गई।

जयकारों से भक्तिमय हुआ पूरा क्षेत्र

शारदीय नवरात्र के शुभारंभ पर निकली इन शोभायात्राओं से साहिबगंज जिले में उत्सवी माहौल देखने को मिला। जगह-जगह श्रद्धालुओं की भागीदारी और माता रानी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More