Sahebganj News: युवाओं का संकल्प: एनएसएस के बैनर तले राजमहल में नशा मुक्त भारत अभियान का आयोजन

मॉडल कॉलेज राजमहल में एनएसएस के तत्वावधान में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पेंटिंग प्रतियोगिता और शपथ ग्रहण समारोह के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

साहिबगंज: मॉडल कॉलेज राजमहल में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम के दौरान आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक एवं प्रेरणादायक चित्रों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया। 

छात्रा प्रतिभा रक्षित, मीठी कुमारी, मंपी कुमारी एवं खातून की पेंटिंग को सराहा गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में रामा भारती ने प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने युवा पीढ़ी को सचेत, सावधान रहने और नशे से दूर रहने की सलाह दी।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज के युवा सस्ते एवं नए प्रकार के नशों की गिरफ्त में आकर अपने तन, मन और धन की हानि कर रहे हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आस-पास के लोगों को भी जागरूक करें। युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने नारा दिया- “नशे को ना कहें और खेल को हाँ कहें।”  

कार्यक्रम के अंत में छात्रा विद्या अवस्थी ने सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रमजान अली ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अमित कुमार ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के दर्जनों छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं कॉलेज कर्मी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More