Sahibganj News: शारदीय नवरात्र की भव्य शुरुआत, दुर्गा सप्तशती के मंत्रों से गूंजा जिला

साहिबगंज: जिले में शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में हुआ। पहले दिन से ही पूरा जिला माता रानी की आराधना में लीन नजर आ रहा है। सुबह से ही पूजा पंडालों में दुर्गा सप्तशती और मार्कंडेय पुराण के मंत्रों की गूंज सुनाई दे रही है। प्रखंडों से लेकर पंचायतों तक और शहर से लेकर गांवों तक चारों ओर भक्ति की बयार बह रही है।
हर तरफ मां की भक्ति की छटा
जिले के मंडरो, बोरियो, बरहेट, राजमहल और बरहरवा समेत विभिन्न प्रखंडों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। नवरात्र के प्रथम दिन मां शैलपुत्री और दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की विधिवत पूजा-अर्चना वैदिक रीति-रिवाजों के साथ की गई। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर परिवार की सुख-समृद्धि और जिले की खुशहाली की कामना की।
पूजा पंडालों को आकर्षक रोशनी और सजावट से भव्य रूप दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयोजकों की ओर से सीसीटीवी कैमरे, स्वयंसेवकों और अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था की गई है।
दस दिनों तक भक्तिमय रहेगा साहिबगंज
पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। अगले दस दिनों तक पूरा साहिबगंज जिला भक्तिमय वातावरण में डूबा रहेगा। मंदिरों और पूजा पंडालों में सुबह-शाम आरती, भजन और कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इधर, शारदीय नवरात्र को लेकर जिला प्रशासन भी सतर्क है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।


