Hazaribagh News: एसपी ने अपराध समीक्षा बैठक में सभी पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त दिशा-निर्देश

हजारीबाग एसपी ने अपराध समीक्षा बैठक में महिला हिंसा और एससी-एसटी अत्याचार के मामलों को 60 दिनों के भीतर निपटाने का सख्त निर्देश दिया। साथ ही, आगामी बकरीद पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध खनन व मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की रणनीति बनाई गई।

हजारीबाग: पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति, लंबित मामलों के निष्पादन, आगामी बकरीद पर्व की सुरक्षा व्यवस्था तथा संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।

बैठक में एसपी ने बरही थाना क्षेत्र में हुई बैंक लूट कांड के सफल उद्भेदन में शामिल पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को आगे भी प्रोत्साहित किया जाएगा। महिला प्रताड़ना, महिला हिंसा तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने निर्देश दिया कि ऐसे सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 60 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

आगामी बकरीद पर्व को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। पूर्व में हुई सांप्रदायिक घटनाओं की समीक्षा कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया, ताकि पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। एसपी ने वर्ष 2025 से पूर्व लंबित सभी कांडों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी थानों में लंबित जमानती एवं गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार तथा कुर्की-जब्ती मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया। 

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक एवं पुलिस निरीक्षक प्रत्येक सोमवार को थाना स्तर पर बैठक कर लंबित मामलों की समीक्षा एवं निष्पादन सुनिश्चित करेंगे। अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए ऐसे स्थानों को चिन्हित कर संबंधित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा संगठित अपराध गिरोह, अवैध खनन में संलिप्त लोगों तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ सीसीए, थाना हाजिरी एवं गुंडा पंजी की कार्रवाई करने को कहा गया।

एसपी ने अवैध कोयला, बालू एवं पत्थर उत्खनन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए संबंधित अंचल अधिकारी एवं जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साइबर अपराध के लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समय पर समाधान करने का निर्देश दिया गया। जमीन विवाद से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा कर संबंधित अंचलाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश बैठक में दिया गया।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More