Bokaro News: करगली कार्मेल स्कूल में मेधावी छात्रों का सम्मान, 117 विद्यार्थियों को मिली ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र

गोमिया: जिला के गोमिया प्रखंड अंतर्गत करगली कार्मल स्कूल विद्यालय में 12 मई को शैक्षणिक गति विधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के उद्देश्य से सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रोहित कुमार सिंह, पुलिस इंस्पेक्टर, बेरमो, तथा विशिष्ट अतिथि डॉ के पी शाही (सी.एम.ओ, बी एंड के एरिया सीसीएल), सिस्टर प्रेमलता (प्रिंसिपल कार्मेल स्कूल बी.टी.पी.एस), सिस्टर सीबी (प्रिंसिपल लोयोला इंग्लिश मीडियम स्कूल गोमिया) एवं सिस्टर शेरिन जोसेफ (प्रिंसिपल कार्मेल स्कूल करगली) द्वारा सामूहिक दीप प्रज्वलन कर एवं बच्चों के द्वारा प्रेयर डांस के साथ किया गया।
समारोह में कक्षा नर्सरी से इलेवन तक के मेधावी विद्यार्थियों जिन्होंने कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया ऐसे 117 विद्यार्थियों, तथा परफेक्ट अटेंडेंस वाले 57 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही साथ स्वच्छ भारत आर्ट कॉम्पिटिशन में नेशनल अवार्ड प्राप्त करने वाली कक्षा आठवीं की छात्रा आर्य सिंह एवं 18 स्टेट लेवल विनर्स को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिंह ने बच्चों को सफलता एवं अनुशासन के मंत्र सिखाए और साथ ही साथ अच्छे नागरिक बनने और यातायात सुरक्षा के सुझाव साझा किए।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर शेरीन जोसेफ ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को इस प्रेरणादायक आयोजन के लिए बधाई दी। समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया। अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु शिक्षकों एवं सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया।


