Dhanbad News: मानवता शर्मसार, इलाज के नाम पर चाईबासा ले जाकर महिला से तीन दिनों तक दुष्कर्म

धनबाद के टुण्डी थाना क्षेत्र की एक आदिवासी महिला को पड़ोसी गांव के अनवर अंसारी ने इलाज के बहाने चाईबासा ले जाकर तीन दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता द्वारा पति को सूचना देने के बाद टुण्डी पुलिस ने तत्परता दिखाई और चाईबासा के कुमारडूंगी थाना क्षेत्र के जंगल से महिला को सुरक्षित छुड़ाया। आरोपी को गिरफ्तार कर विभिन्न संगीन धाराओं के तहत जेल भेज दिया गया है।

धनबाद: टुण्डी थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। एक व्यक्ति ने अपनी पड़ोसी महिला को इलाज कराने का झांसा देकर चाईबासा ले गया और वहां जंगल में बने खंडहरनुमा मकान में तीन दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार रतनपुर पंचायत के विसनीपतरा गांव निवासी अनवर अंसारी (40) ने पड़ोसी गांव कोकराद की 30 वर्षीय आदिवासी महिला को बेहतर इलाज कराने का भरोसा दिलाया। महिला उसके झांसे में आ गई और वह उसे अपने साथ चाईबासा ले गया। आरोप है कि कुमारडूंगी थाना क्षेत्र के जंगल में स्थित एक सुनसान खंडहरनुमा मकान में महिला को बंधक बनाकर रखा गया और लगातार तीन दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

पीड़िता ने किसी तरह मौका पाकर अपने पति से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता के पति ने टुण्डी थाना प्रभारी को मामले से अवगत कराया। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के निर्देश पर अवर निरीक्षक अगनू मुंडा एवं सहायक अवर निरीक्षक अनिता देवी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर चाईबासा भेजा गया।

पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी अनवर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया तथा महिला को सुरक्षित बरामद किया। पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म एवं एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं 87, 64(2)(m) बीएनएस एवं 3(1)(V) एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More