Sahebganj News: निर्वाचन कार्यों की समीक्षा बैठक, एसडीएम ने दिए समयबद्ध निष्पादन के निर्देश

साहिबगंज: बोरियो प्रखंड कार्यालय सभागार में निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता 02- बोरियो (अनुसूचित जनजाति) विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईनद ने की। बैठक में मैपिंग, एएसडीडी, डीएसई, प्रपत्र- 6, 7 एवं 8 के निष्पादन तथा नेशनल हाउस नंबरिंग कार्यों की वर्तमान प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। एसडीएम ने एक-एक बिंदु पर बीएलओ और सुपरवाइजरों से रिपोर्ट ली।
समीक्षा के दौरान निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी ने लंबित मैपिंग कार्यों पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने संबंधित बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। कहा कि अधिकतम मतदाताओं का सही चिन्हीकरण सुनिश्चित करें और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं। एसडीएम ने एएसडीडी एवं डीएसई मामलों के पुनः सत्यापन पर जोर दिया। निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पादन हो। प्रवासी मतदाताओं से जुड़े मामलों में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में निर्देश दिया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम से पहले निर्वाचन से जुड़े सभी कार्य पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिरहित तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि मतदाता सूची शुद्ध और अद्यतन बन सके। निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी अमर जॉन आईंद ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र की आधारशिला है। इसमें लगे सभी पदाधिकारी और कर्मियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जवाबदेही के साथ करें। बैठक में सभी बीएलओ सुपरवाइजर, निर्वाचन कर्मी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।


