Giridih News: ₹43 लाख की बोली से डरी नीलामी, बस पड़ाव हुए वीरान: जिला परिषद में जनसमस्याओं पर उठे सवाल

गिरिडीह: जिला परिषद सभागार में मंगलवार को अध्यक्ष मुनिया देवी की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक शाम तक चली, लेकिन जनता की समस्याओं का समाधान नहीं निकल सका। बैठक में सबसे ज्यादा हंगामा बस पड़ावों की नीलामी को लेकर हुआ। बगोदर, डुमरी और धनवार बस पड़ाव की वार्षिक दर इतनी ऊंची रखी गई कि कोई ठेकेदार बोली लगाने ही नहीं पहुंचा और नीलामी प्रक्रिया बीच में ही लटक गई।
ठेकेदारों ने किया बहिष्कार, दर घटाने का प्रस्ताव
बैठक में बगोदर बस पड़ाव की वार्षिक नीलामी दर ₹43,88,400, डुमरी की ₹16,26,577 और धनवार की ₹4,60,050 तय की गई। सदस्यों ने माना कि बाजार भाव के मुकाबले ये दरें काफी अधिक हैं। नतीजा, नीलामी में एक भी बोलीदाता शामिल नहीं हुआ। अब न्यूनतम राशि के पुनर्निर्धारण के लिए प्रस्ताव पंचायती राज विभाग को भेजने का निर्णय लिया गया।
‘बैठकों में सिर्फ खानापूर्ति, जमीन पर जीरो’
एक सदस्य ने बैठक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बैठकों में केवल औपचारिकता पूरी की जाती है, जमीनी स्तर पर काम नहीं दिखता। पेयजल, सड़क और साफ-सफाई जैसी बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
पीएचईडी की लापरवाही पर भड़कीं डीडीसी
डीडीसी स्मृता कुमारी ने पेयजल संकट पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पीएचईडी विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। बैठक से पीएचईडी-1 के कार्यपालक पदाधिकारी के गायब रहने पर डीडीसी ने शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने दो टूक कहा कि जनसमस्याओं पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।


