Hazaribagh News: उपायुक्त ने समाज कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की

हजारीबाग: उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में समाज कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने विभाग की विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा की। उपायुक्त ने योजनाओं की लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने एवं विशेष रूप से गर्भवती एवं धातृ महिलाओं तथा शून्य से छह वर्ष तक के बच्चों के पोषण एवं देखभाल पर ध्यान केंद्रित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण अभियान, पोषण ट्रैकर ऐप में आधार सत्यापन एवं फेस ऑथेंटिकेशन, कुपोषित एवं अति गंभीर कुपोषित बच्चों की स्थिति, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना एवं बाल सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों की भौतिक स्थिति, बिजली, शौचालय एवं पेयजल की उपलब्धता तथा एमटीसी की कार्यप्रणाली पर भी चर्चा की गई।
उपायुक्त ने गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर टीएचआर वितरण एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में सभी आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया। उन्होंने सीडीपीओ को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा महिला पर्यवेक्षिकाओं को प्रत्येक माह कम से कम दो बार केंद्रों का निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। सभी केंद्रों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
उपायुक्त ने समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित करते हुए 15 मई तक सभी लंबित टीएचआर वितरण पूर्ण करने तथा 10 जून तक सेविका एवं सहायिका के चयन की प्रक्रिया पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, 10 जून तक सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा किराए के भवनों में संचालित केंद्रों के लिए भूमि चिन्हित कर नए भवन निर्माण हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया। उन्होंने पेयजल सुविधाओं, चापानल, जलमीनार एवं टंकियों की मरम्मत तथा रेनवाटर हार्वेस्टिंग से संबंधित कमियों को दूर करने का भी निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को पोषण के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा भी दी जानी चाहिए तथा व्यक्तिगत स्वास्थ्य व साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। कम प्रगति वाले प्रखंडों पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा ऐसे क्षेत्रों में नियमित भौतिक निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
साथ ही सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, समर अभियान अंतर्गत SAM एवं MAM बच्चों की स्थिति, बाल कल्याण समिति, संप्रेषण गृह तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में उपविकास आयुक्त रिया सिंह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिंहा, जिला योजना पदाधिकारी पंकज तिवारी, सामाजिक सुरक्षा प्रभारी पदाधिकारी सुनीता कुमारी सहित विभिन्न अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


