Lohardaga News: जिला भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज की अध्यक्षता में संपन्न

बैठक में उपस्थित जिला समिति के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष व कार्यकर्ता।

लोहरदगा: जिला भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज की अध्यक्षता में संपन्न हुई। सर्वप्रथम भारत माता एवं भारतीय जनता पार्टी के संस्थापकों के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन करने के बाद पार्टी के सांगठनिक ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने तथा बीते दिनों संपन्न हुए सेवा कार्यों की समीक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, वर्तमान कार्य समिति सदस्य श्रीचंद प्रजापति, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता ब्रजबिहारी प्रसाद, नवीन कुमार टिंकू, धीरज प्रसाद, पूर्व नगर अध्यक्ष अमरेश भारती, राजेश महतो उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला समिति के सभी पदाधिकारी, नगर अध्यक्ष, महामंत्री एवं सभी मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री और कई वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बैठक में बीते दिनों जिले में संपन्न हुई सेवा-संकल्प यात्रा और सेवा ज्योति-यात्रा की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने बताया कि दोनों यात्राओं को आम जनता का भरपूर समर्थन मिला है और कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और पार्टी की सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाया है।

बैठक का मुख्य एजेंडा संगठन का विस्तार और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों के चयन को लेकर था। इस पर सभी वरिष्ठ नेताओं ने अपने विचार रखे और निर्णय लिया गया कि जल्द ही सभी मोर्चों – युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के नए पदाधिकारियों की घोषणा प्रदेश समिति द्वारा कर दी जाएगी।

वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो सेवा को ही संगठन मानती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में समर्पण और सेवा भाव बनाए रखने का आह्वान किया। श्रीचंद प्रजापति ने कहा कि कार्यकर्ताओं का समर्पण भाव ही पार्टी की पूंजी है। ब्रजबिहारी प्रसाद ने कहा कि पार्टी को बूथ स्तर तक और मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सभी एकजुट होकर कार्य करें, ताकि प्रत्येक कार्यकर्ता के अंदर समर्पण का भाव और सेवा का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई पड़े। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में लोहरदगा में भाजपा और अधिक सशक्त होकर उभरेगी।

बैठक का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला महासचिव द्वारा किया गया।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More