रात के सन्नाटे में मां बनी जल्लाद: सोते मासूमों को कुल्हाड़ी से काटा, फिर खुद भी काटा गला

क्राइम डेस्क: ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। यहां एक मां ने अपने ही दो मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी और इसके बाद खुद की जान लेने की भी कोशिश की। यह घटना शनिवार देर रात झारसुगुड़ा के तंगरपाली गांव में हुई, जो एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
फ़ोटो स्रोत: इंडिया टीवी
मृत बच्चों की पहचान 10 वर्षीय बेटी जिज्ञाशा और 5 वर्षीय बेटे बिभांशु के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना की रात परिवार ने सामान्य तरीके से खाना खाया और सभी लोग सोने चले गए थे। देर रात करीब 11 बजे महिला ने अपने पति को यह कहकर जगाया कि उसे बाहर शौच के लिए जाना है। जैसे ही पति घर से बाहर निकला, महिला ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और घर के अंदर सो रहे दोनों बच्चों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों बच्चों के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बच्चों की चीख सुनकर पति ने पड़ोसियों को बुलाया और खिड़की तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर सभी लोग सन्न रह गए। दोनों बच्चे खून से लथपथ हालत में पड़े थे, जबकि महिला खुद भी सब्जी काटने वाले औजार से अपनी गर्दन काटकर आत्महत्या करने की कोशिश कर रही थी। घायल महिला को तुरंत झारसुगुड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बुर्ला स्थित VIMSAR मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और इलाज जारी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि महिला को अपने पति के किसी रिश्तेदार के साथ अवैध संबंध होने का शक था, जिस वजह से दोनों के बीच पिछले 15 से 20 दिनों से लगातार झगड़े हो रहे थे। पुलिस इसी एंगल से मामले की जांच कर रही है और पति के कॉल डिटेल रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
पुलिस ने इस मामले में हत्या की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है और घटनास्थल से इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी को बरामद कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि महिला के अस्पताल से ठीक होने के बाद उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के गंभीर परिणामों को उजागर कर दिया है।




