Koderma News: अनुकम्पा, पेंशन एवं स्थापना समिति की बैठक में 105 शिक्षकों की सेवा संपुष्टि

कोडरमा: समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में अनुकम्पा समिति, पेंशन समिति एवं स्थापना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान अनुकम्पा समिति अंतर्गत अनुकम्पा आधारित नियुक्ति से संबंधित तीन मामलों पर विचार किया गया, जिसमें तीनों अभ्यर्थियों को लिपिक पद पर अनुकम्पा आधारित नियुक्ति की अनुशंसा की गई।
पेंशन समिति की बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिया कि पेंशन से संबंधित लंबित सभी मामलों का निपटारा जल्द से जल्द सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन को संवेदनशील होकर कार्य करते हुए सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सभी मामलों का यथाशीघ्र एवं पारदर्शी निस्तारण करना होगा।
साथ ही कहा कि आने वाले छह माह में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराई जाए, तथा उनके सेवानिवृत्त होने की तिथि से पूर्व सभी आवश्यक प्रक्रियाएँ पूर्ण कर ली जाएँ, ताकि सेवानिवृत्ति के दिन ही उन्हें विभिन्न लाभों का तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।
इसके पश्चात स्थापना समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कर्मियों की सेवा संपुष्टि, प्रोन्नति एवं स्थानांतरण से संबंधित मामलों पर विस्तृत चर्चा की गई। मौके पर 105 शिक्षकों का सेवा संपुष्टि का निर्णय लिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त रवि जैन, अनुमंडल पदाधिकारी ओमप्रकाश मंडल, स्थापना उप समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


