Dhanbad News: क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में राजकमल विद्यालय का जलवा, 49 पदक जीतकर बढ़ाया मान

धनबाद: विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के तत्वावधान में जमशेदपुर के बिरसानगर में आयोजित तीन दिवसीय 37वीं क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर, अशोकनगर, धनसार, धनबाद के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय के प्रतिभागियों ने कुल 49 पदक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इनमें 34 स्वर्ण, 11 रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं।
7, 8 और 9 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में 64 विद्यालयों की टीमों के कुल 363 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विद्या भारती ने पूरे देश को 11 क्षेत्रों में विभाजित किया है, जिनमें बिहार और झारखंड को उत्तर पूर्व क्षेत्र के अंतर्गत रखा गया है। प्रतियोगिता में विद्या विकास समिति, झारखंड, रांची को ओवरऑल चैंपियनशिप प्राप्त हुई।
विद्यालय के प्राचार्य सुमन्त कुमार मिश्रा ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि खेल से टीमवर्क और अनुशासन की सीख मिलती है। मुश्किल समय में एक-दूसरे का साथ देना भी ऐसे आयोजनों से सीखा जाता है। उन्होंने कहा कि जीत पर कभी घमंड नहीं करना चाहिए और हार से निराश भी नहीं होना चाहिए। आज खिलाड़ियों ने जिस तरह नेतृत्व क्षमता और खेल भावना का परिचय दिया है, वही उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव बनेगा।
प्रतियोगिता में अनुकल्प गोप, वेद प्रकाश शर्मा, आदित्य कुमार रवानी, रणवीर राजभर, लव कुमार, रुद्र नील मोदक, आयुष कुमार, प्राची राय, लक्ष्मी कुमारी, साक्षी सिंह, अनंता, अलका कुमारी, वैष्णवी और आदित्य कुमार यादव ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
वहीं, रणवीर राजभर, आदित्य कुमार यादव, वेद प्रकाश शर्मा, आयुष कुमार, वैष्णवी कुमारी, इशिका कुमारी गोप और श्रेया कुमारी ने रजत पदक हासिल किए। इशिका कुमारी गोप, रुद्र नील मोदक, लक्ष्मी कुमारी, प्राची राय और अनुकल्प गोप ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में लक्ष्मी कुमारी, प्राची राय, अनुकल्प गोप और वेद प्रकाश शर्मा को व्यक्तिगत चैंपियनशिप का खिताब मिला। टीम का नेतृत्व शारीरिक शिक्षक गौरी शंकर सिंह और शिक्षिका कुसुम साव ने किया।
इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के संरक्षक शंभूनाथ अग्रवाल, अध्यक्ष विनोद कुमार तुलस्यान, उपाध्यक्ष रविंद्र कुमार पटनिया, सचिव संजीव अग्रवाल, सहसचिव दीपक रूईया, कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर अग्रवाल सहित समिति के अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। प्राचार्य सुमन्त कुमार मिश्रा, उप प्राचार्य मनोज कुमार, उप प्राचार्या लीला सिंह, प्रभारी प्रतिमा चौबे, कमल नयन, पार्थ सारथी सरकार, सुमोना दीक्षित और छंदा बनर्जी ने भी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


