मालदा–उधना समर स्पेशल ट्रेन शुरू, साहिबगंज-बरहरवा को बड़ी राहत

साहिबगंज: गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है। पूर्व रेलवे के मालदा डिवीजन द्वारा मालदा टाउन और उधना के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। इससे झारखंड और बिहार के कई प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को राहत मिलेगी।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 09034 मालदा टाउन–उधना समर स्पेशल प्रत्येक रविवार को सुबह 09:30 बजे मालदा टाउन से रवाना होगी। यह ट्रेन 12 अप्रैल 2026 से 26 जुलाई 2026 तक कुल 16 फेरों में चलेगी और तीसरे दिन रात 01:20 बजे उधना पहुंचेगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 09033 उधना–मालदा टाउन समर स्पेशल प्रत्येक गुरुवार को रात 11:00 बजे उधना से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन 9 अप्रैल 2026 से 23 जुलाई 2026 तक कुल 16 ट्रिप लगाएगी और तीसरे दिन सुबह 11:00 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी।
इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव अप एवं डाउन दोनों तरफ से न्यू फरक्का, बरहरवा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर और अभयपुर सहित अन्य स्टेशनों पर होगा। खासतौर पर बरहरवा और साहिबगंज क्षेत्र के यात्रियों के लिए यह ट्रेन बड़ी राहत साबित होगी, क्योंकि उन्हें सीधे गुजरात (उधना-सूरत) जाने की सुविधा मिलेगी। ट्रेन में जनरल, स्लीपर और एसी कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यात्रियों का कहना है कि गर्मी के सीजन में इस तरह की स्पेशल ट्रेनें चलाने से भीड़ कम होगी और यात्रा सुगम बनेगी।




