Koderma News: “मानवता की सेवा ही पुलिस का पहला धर्म”: रमाकांत मिश्रा

कोडरमा में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में मोटर दुर्घटना मुआवजा अधिनियम पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान रमाकांत मिश्रा ने कहा कि मानवता की सेवा ही पुलिस का पहला धर्म है।

कोडरमा: “मानवता की सेवा ही पुलिस का पहला धर्म है।” यह बात रमाकांत मिश्रा ने कही। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश के आलोक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कोडरमा के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय, कोडरमा के सभागार में मोटर दुर्घटना मुआवजा से संबंधित एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार रमाकांत मिश्रा सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यशाला का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम के पूर्व सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

कार्यशाला में व्यवहार न्यायालय कोडरमा के न्यायिक पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे। इस दौरान मोटर दुर्घटना मुआवजा अधिनियम से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।

अपने संबोधन में रमाकांत मिश्रा ने कहा कि पुलिस पदाधिकारियों को मानवता की सेवा को सर्वोपरि मानते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मोटर दुर्घटना मुआवजा अधिनियम से संबंधित अद्यतन जानकारी प्राप्त कर पीड़ितों को लाभ दिलाने के लिए सतत प्रयासरत रहें। उन्होंने कहा कि प्राधिकार इस दिशा में हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अमित कुमार वैश ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं अन्य संबंधित पक्षों के लिए मील का पत्थर साबित होंगी।

कार्यशाला को जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष जगदीश सलूजा एवं पूर्व सचिव मनीष कुमार सिंह ने भी संबोधित किया। वहीं रांची न्यायमंडल के अधिवक्ता अरविन्द कुमार लाल ने मोटर दुर्घटना मुआवजा अधिनियम से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

लगभग तीन घंटे तक चले इस कार्यशाला में अरविन्द कुमार लाल ने सर्वोच्च न्यायालय एवं विभिन्न उच्च न्यायालयों के चर्चित मामलों का हवाला देते हुए कानून में हुए बदलाव और नए प्रावधानों की जानकारी दी। इस दौरान कई न्यायिक पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने उनसे सवाल भी किए, जिनका उन्होंने संतोषजनक जवाब दिया।

कार्यक्रम के दौरान रिसोर्स पर्सन अरविन्द कुमार लाल को प्रधान जिला जज रमाकांत मिश्रा ने शॉल एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव गौतम कुमार ने किया, जबकि संचालन न्यायालयकर्मी रणजीत कुमार सिंह ने किया।

मौके पर अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी कंचन टोप्पो, न्यायाधीश प्रभारी ज्योत्सना पाण्डेय, प्रियंका कुमारी, संतोष कुमार सिंह सहित विभिन्न थानों के थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी, मध्यस्थगण, पैनल अधिवक्ता, पारा लीगल वॉलंटियर एवं अन्य अधिवक्ता उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More