Sahibganj News: विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता अभियान, लोगों को तनाव से निपटने के बताए गए उपाय

मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना जरूरी, परेशानी होने पर परामर्श लेने में न करें संकोच
साहिबगंज: विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिले भर में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज गुलाम हैदर के मार्गदर्शन में अस्पतालों, विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में पारा विधिक स्वयंसेवक (न्याय मित्र) लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
अभियान के तहत विद्यार्थियों, युवाओं और ग्रामीणों को मानसिक तनाव से निपटने, भावनात्मक संतुलन बनाए रखने तथा मानसिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की जानकारी दी जा रही है। लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए जरूरत के समय उचित परामर्श और चिकित्सा सहायता लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि लोगों को समझाया जा रहा है कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। मानसिक परेशानी होने पर परामर्श या चिकित्सा सहायता लेने में संकोच नहीं करना चाहिए। मानसिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों के साथ भेदभाव करने के बजाय सहयोग और संवेदनशीलता का व्यवहार अपनाना चाहिए। विद्यार्थियों को पढ़ाई और पारिवारिक तनाव का सकारात्मक तरीके से सामना करने के उपाय भी बताए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी भी दी जा रही है। जरूरतमंद व्यक्ति हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क कर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।


