Palamu News: प्रीतकला डांस स्टूडियो की डांडिया नाइट में खूब झूमीं महिलाएं, पारंपरिक नृत्य से सजी शाम

मेदिनीनगर के रेडमा में आयोजित डांडिया नाइट में शामिल महिलाएं।

महिलाओं को मंच देने और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हुआ आयोजन

पलामू : प्रीतकला डांस स्टूडियो के तत्वावधान में रेडमा में भव्य डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और पारंपरिक डांडिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रिया अग्रवाल उपस्थित थीं। वहीं, विशिष्ट अतिथियों के रूप में लायंस क्लब ऑफ डाल्टनगंज फेमिना की अध्यक्ष डॉली सिंह, संगीता शंकर और राजलक्ष्मी वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रीतकला डांस स्टूडियो की संस्थापक प्रीति राज गुप्ता ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को एक मंच प्रदान करना, भारतीय संस्कृति एवं पारंपरिक नृत्य को बढ़ावा देना और मनोरंजन के साथ सभी को एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्य अतिथि डॉ. प्रिया अग्रवाल ने कहा कि नृत्य केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह शरीर को स्वस्थ और चुस्त-दुरुस्त रखने में भी सहायक है। वहीं, संगीता शंकर ने कहा कि महिलाओं के लिए नृत्य का अभ्यास काफी फायदेमंद है। इससे शारीरिक सक्रियता बढ़ती है और मानसिक प्रसन्नता भी मिलती है। डॉली सिंह और राजलक्ष्मी वर्मा ने सभी को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान स्टूडियो की छात्राओं ने एक से बढ़कर एक डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। सभी प्रस्तुतियों का निर्देशन स्टूडियो के कोरियोग्राफर एवं ट्रेनर आकाश कुमार हरि ने किया। कार्यक्रम के अंत में सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शालिनी श्रीवास्तव ने किया।

लेखक के बारे में

By Ajeet Kumar Pathak

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More