Pakur News: “हर घर जल” गांव – जल अर्पण दिवस पर दिखा उत्साह और जागरूकता

महेशपुर: प्रखंड के बरमसिया गांव में जल अर्पण दिवस के अवसर पर एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। इस खास दिन पर ग्रामीणों ने जल संरक्षण और उसके महत्व को समझते हुए एकजुटता का परिचय दिया। कार्यक्रम की शुरुआत जल संरक्षण की शपथ के साथ हुई, जिसमें ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने यह संकल्प लिया कि वे पानी की एक-एक बूंद की अहमियत समझेंगे और उसे व्यर्थ नहीं बहने देंगे।
इसके बाद पूरे गांव में जागरूकता रैली निकाली गई। हाथों में पोस्टर और नारों के साथ ग्रामीणों ने “जल है तो कल है” और “हर बूंद कीमती है” जैसे संदेशों के जरिए लोगों को जागरूक किया। रैली में बच्चों का उत्साह खास तौर पर देखने लायक था। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से उन्हें जल संरक्षण के महत्व को सरल और रोचक तरीके से समझाया गया।
सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि बरमसिया गांव ने “हर घर जल” का लक्ष्य हासिल कर लिया है। अब गांव के हर घर तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों के जीवन में एक बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है। यह पहल न केवल बरमसिया के लिए गर्व की बात है, बल्कि अन्य गांवों के लिए भी एक प्रेरणा है कि सामूहिक प्रयास और जागरूकता से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।


