Pakur News: ‘जय मां काली’ के जयघोष से गूंजा गनपुरा, विसर्जन में दिखी जबरदस्त भीड़

पाकुड़ : पाकुड़िया प्रखंड के गनपुरा गांव में मां काली की पूजा संपन्न होने के पश्चात शनिवार को नम आंखों से मां को विदाई दी गई। विसर्जन से पूर्व काली मंदिर में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ महिलाओं ने मां काली को ‘चुमावन’ कर सुख-समृद्धि की कामना की और विदाई दी।
गाजे-बाजे के साथ निकला भव्य जुलूस। मंदिर परिसर से मां की प्रतिमा को भव्य गाजे-बाजे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ निकाला गया। विसर्जन जुलूस के दौरान पूरा गांव ‘जय मां काली’ के जयघोष से गुंजायमान रहा। ग्रामीणों ने उत्साह और भक्ति के साथ मां की प्रतिमा को पूरे गांव का भ्रमण कराया।
सिद्धू-कानू चौक पर थिरके श्रद्धालु। भ्रमण के दौरान प्रतिमा को गनपुरा सिद्धू-कानू चौक ले जाया गया, जहां श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया। युवाओं और बुजुर्गों ने अबीर-गुलाल उड़ाकर उत्सव मनाया। चौक की परिक्रमा के बाद प्रतिमा को विसर्जन घाट ले जाया गया, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां काली की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
इस अवसर पर पूजा समिति के सदस्यों सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने अगले वर्ष फिर से मां के आगमन की कामना के साथ विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न किया।


