Koderma News: लोहा लदा ट्रक पलटा, मलबे में फंसी रही चालक की सांसे; पुलिस ने निकाला बाहर

कोडरमा: थाना क्षेत्र के कोडरमा घाटी, नौवां माइल में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जहां लोहा लोड कर बिहार की ओर जा रही एक ट्रक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे ट्रक में लोड लोहे का एंगल पूरी तरह से सड़कों पर बिखर गया। इस हादसे के समय ट्रक में चालक सहित दो लोग सवार थे। दुर्घटना में एक तो किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा। जबकि ट्रक चालक वाहन के नीचे दब गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को बाहर निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इधर इस घटना की सूचना कोडरमा पुलिस को दी गई।
जिसके बाद सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रक को सीधा किया गया। इसके बाद चालक को बाहर निकाला गया। वहीं चालक को एम्बुलेंस की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया है। घायल चालक की पहचान लखीसराय (बिहार) निवासी राहुल कुमार (35 वर्ष, पिता रामबालक यादव) के रूप में की गई है।


