Sahebganj News : राजमहल संसदीय क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी, 186 करोड़ की विकास योजनाओं की मंजूरी

साहिबगंज : भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने पीएम-जनमन योजना (बैच II एवं III, 2025-26) के तहत राजमहल संसदीय क्षेत्र के लिए करीब ₹186.03 करोड़ की विकास योजनाओं को मंजूरी दी है। इस स्वीकृति के अंतर्गत लगभग 128.7 किलोमीटर लंबाई में कुल 63 सड़कों और 35 पुलों का निर्माण होगा। सांसद विजय कुमार हांसदा के प्रयासों से मिली इस स्वीकृति के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। सांसद हांसदा ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की और उनका आभार व्यक्त किया।
इन परियोजनाओं से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी, जिससे आवागमन आसान होगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। यह स्वीकृति न केवल आधारभूत संरचना को मजबूत करेगी, बल्कि रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी। केंट्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सांसद विजय कुमार हांसदा को आश्वासन दिया है कि क्षेत्र के विकास के लिए और भी योजनाएं जल्द ही शुरू की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाना है। सांसद विजय कुमार हांसदा ने कहा कि यह स्वीकृति क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह योजनाएं क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएंगी।


