Hazaribagh News: भारत के भिन्न जनजातीय परंपराओं में लैंगिक हिस्सेदारी के मिसाल उपलब्ध: प्रो नवल किशोर अम्बष्ट

हजारीबाग स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में "झारखंड के संदर्भ में लैंगिक हिस्सेदारी की समझ" विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता प्रो. नवल किशोर अम्बष्ट ने आदिवासी समाज में महिलाओं के 60-70% आर्थिक योगदान और सीएनटी एक्ट के कारण संपत्ति अधिकारों में उनकी स्थिति पर प्रकाश डाला। कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा ने 'इक्विटी' (हिस्सेदारी) के महत्व को समझाते हुए वंचितों को आगे लाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

हजारीबाग: जनजातीय समाजों में श्रम का विभाजन होता है, जहाँ पुरुष हल चलाते हैं और महिलाएँ बच्चे को पीठ पर बांधकर और सिर पर बोझ उठाकर खेत में काम करती हैं। उक्त बातें प्रोफेसर नवल किशोर अम्बष्ट ने कही। वह “झारखंड के संदर्भ में लैंगिक हिस्सेदारी की समझ” (Understanding gender equity in the context of Jharkhand) विषय पर स्वामी विवेकानंद सभागार में सोमवार को व्याख्यान दे रहे थे। प्रो नवल किशोर अंबस्ट ने लैंगिक समानता व हिस्सेदारी पर बात की, विशेषकर आदिवासी समाजों में महिलाओं की स्थिति पर। उन्होंने बताया कि आदिवासी समाजों में महिलाओं को समान अधिकार दिए जाते हैं, लेकिन फिर भी पुरुष प्रधानता कहीं न कहीं मौजूद है।

उन्होंने बताया कि आदिवासी महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्वतंत्रता गैर-आदिवासी महिलाओं की तुलना में अधिक है, लेकिन राजनीतिक और आर्थिक शक्ति पुरुषों के पास अधिक है।मुख्य वक्ता ने मेघालय के जनजातीयों का उदाहरण दिया, जहाँ संपत्ति माँ से बेटी को मिलती है और शादी के बाद पुरुष अपनी पत्नी के घर जाकर रहता है और उसका उपनाम अपनाता है। उन्होंने छोटानागपुर टेनेंसी एक्ट का उल्लेख किया, जिसमें संपत्ति पिता से पुत्र को मिलती है, जो महिलाओं के पक्ष में नहीं है। उन्होंने बताया कि महिलाओं का आर्थिक गतिविधियों में योगदान 60-70% है, लेकिन उन्हें इसका श्रेय नहीं मिलता। उन्होंने बताया कि शिक्षा और आर्थिक अवसरों में सुधार हुआ है, लैंगिक हिंसा कम है, और पंचायती राज व्यवस्था के कारण महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ी है।

प्रो नवल किशोर अंबस्ट ने विभिन्न जनजातियों के सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण का उल्लेख किया।उन्होंने बताया कि सरकार को इन जनजातियों के विकास के लिए अलग-अलग इनपुट लेने चाहिए। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रथा को अच्छा या बुरा लेबल नहीं करना चाहिए, बल्कि उसे उसके संदर्भ में समझना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विभावि के कुलपति प्रो चंद्र भूषण शर्मा ने इक्विटी शब्द को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि समानता और हिस्सेदारी दो अलग-अलग विषय हैं। उन्होंने बताया कि जो लोग पीछे रह गए हैं उन्हें आगे आने का अवसर दिलाना हम सब का दायित्व है। सबको बराबरी का मौका मिलना चाहिए। जो पीछे रह गए हैं उनकी असुविधाओं को और सीमाओं को ध्यान में रखते हुए उनके लिए विशेष अवसर की व्यवस्था होनी चाहिए। ‘उनके’ अधिकारों के लिए जब ‘हम’ खड़े होंगे तब बदलाव आने लगेगा। उन्होंने बताया कि पहला अवसर सबसे कमजोर को दे। मौके पर मानव विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ विनोद रंजन ने कहा कि मानव विज्ञान केवल आदिवासियों का अध्ययन नहीं करता, बल्कि मानव विकास के विभिन्न स्तरों का अध्ययन करता है। इस अवसर विश्वविद्यालय के छात्रकल्याण संकायाध्यक्ष डॉ विकास कुमार तथा अलग-अलग विभाग शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित हुए।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More