Koderma News : शीतला मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, शीतल प्रसाद का लगाया भोग

कोडरमा : शहर के अड्डी बंगला रोड एवं देवी मंडप रोड स्थित शीतला मंदिर में रोग विनाश की माता शीतला की पूजा-अर्चना और भोग चढ़ाने के लिए बुधवार को हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने शीतला मां को शीतल प्रसाद का भोग लगाया और पूजा-अर्चना कर मिन्नतें मांगी।
अन्य देवी-देवताओं की पूजा विधान से अलग हटकर शीतल मीठा चावल, बाजरे की रोटी, दाल की पुड़ी, दही की राबड़ी व दही के व्यंजन व जल पड़ीं शीतला मां की मूर्ति को अर्पित किया। पूजा-अर्चना के पश्चात व्रतियों ने ठंढा भोजन ग्रहण किया। व्रतियों के यहां बुधवार को दिनभर चूल्हे नहीं जले। बताया जाता है कि शीतला मां की पूजा का संबंध अध्यात्म के साथ-साथ चिकित्सा विज्ञान से है।
चैत्र माह में ऋतु परिवर्तन के समय कई तरह के संक्रामक रोगों का प्रकोप होता है। पूजा के माध्यम से शीतल भोजन कर शरीर की गर्मी शान्त करने का विधान बनाया गया है। मंदिर के पुजारी रवि दाहिमा ने बताया कि बुधवार सुबह से ही सैकड़ों श्रद्धालु भक्त पूजा-अर्चना में शामिल हुए। वहीं कई श्रद्धालु भक्त 13 मार्च को भी शीतला अष्टमी की पूजा-अर्चना करेंगे। इसको लेकर गुरूवार को खाना बनाया जायेगा जिसे शुक्रवार की सुबह से शाम तक ग्रहण करेंगे। इधर ईशर-गौरा, काना और मालन की पूजा-अर्चना के साथ ही गणगौर की बड़ी पूजा बुधवार से शुरू हुई।
मारवाड़ी समाज के इन आराध्य देवी-देवताओं की मूर्तियों को अब लगातार आठ दिनों तक 11 कुओं का पानी अर्पित किया जाएगा। वहीं समाज के कई लोगों के घरों पर गौर विंदौरा निकाले जाने की तैयारी शुरू हो गई है। मालूम हो कि गौर विंदौरा में परिवार के हर सदस्य और गणगौर पूजनेवाली नवविवाहिता गणगौर की पूजा में शामिल होती हैं और पूरे परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।


