Sahebganj News: मनरेगा कर्मचारी संघ का जिला मुख्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन

साहिबगंज: मनरेगा कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरना में जिले के बोरियो, उधवा, बरहरवा, पतना, मंडरो सहित विभिन्न प्रखंडों से आए मनरेगा कर्मियों ने भाग लेकर सरकार से अपनी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। धरना को संबोधित करते हुए संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि मनरेगाकर्मी लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि मनरेगा कर्मियों को नियमितीकरण, मानदेय में बढ़ोतरी, सेवा सुरक्षा सहित अन्य सुविधाएं दी जानी चाहिए।
कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरना के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को पूरा करने की अपील की। मौके पर मनोज कुमार दुबे, सुबोध कुमार, सुनील कुमार सिंह, जॉन बेसरा, अखिलेश सिंह, बबीता कुमारी, सोनी कुमारी, अग्नेश मुर्मू, जावेद, रेहान, नीलिमा टुडू एवं बड़ी संख्या में मनरेगा कर्मचारी उपस्थित रहे।


