Palamu News: अवैध पत्थर उत्खनन पर कार्रवाई की मांग: चन्दन सिन्हा

जेएमएम के जिला प्रवक्ता चंदन प्रकाश सिन्हा ने छतरपुर अंचल अधिकारी को पत्र लिखकर अवैध पत्थर उत्खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बिना चालान पकड़े गए हाईवा के मालिक और संबंधित खदान मालिक पर प्राथमिकी दर्ज करने व खनन पट्टा रद्द करने पर जोर दिया। सिन्हा ने आरोप लगाया कि अवैध खनन के कारण छतरपुर का भूजल स्तर 700 फीट तक नीचे चला गया है और सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं।

छतरपुर: अवैध पत्थर उत्खनन के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय समिति सदस्य सह पलामू जिला प्रवक्ता चन्दन प्रकाश सिन्हा ने छतरपुर अंचल अधिकारी आशीष कुमार साहू को कार्रवाई करने हेतु पत्र सौंपा है। पत्र में चन्दन प्रकाश सिन्हा ने कहा है कि शुक्रवार को वाहन जांच के दौरान अंचल अधिकारी द्वारा हाईवा (रजिस्ट्रेशन नंबर JH03AP 3147) को बिना चालान के पत्थर ले जाते हुए पकड़ा गया, जिस पर अग्रेतर कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। सिन्हा ने कहा कि छतरपुर में अवैध पत्थर उत्खनन के कारण क्षेत्र का प्राकृतिक संतुलन बिगड़ गया है। अक्सर अवैध पत्थर लदे वाहनों को पकड़ा तो जाता है, लेकिन उस पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से पत्थर माफियाओं का मनोबल बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पहाड़ों का बड़े पैमाने पर दोहन हो चुका है, जिससे पर्यावरण असंतुलन की स्थिति पैदा हो गई है। ऐसे मामलों में केवल वाहन पकड़ना या चालक पर कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पकड़े गए हाईवा के मालिक पर भी प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही यह भी मांग की गई है कि उक्त हाईवा जिस पत्थर खदान से निकला था, उस खदान के मालिक पर भी प्राथमिकी दर्ज कर उसका खनन पट्टा रद्द किया जाए। उन्होंने संबंधित खदान से अब तक निकाले गए पत्थरों की मात्रा तथा सरकार को दिए गए राजस्व का आकलन कर जांच करने और फाइन के साथ राजस्व वसूली करने की मांग की है। पत्र में यह भी कहा गया है कि सरकार द्वारा दी गई लीज से अधिक क्षेत्र में खनन किया गया है या नहीं, इसकी भी जांच कराई जानी चाहिए। चन्दन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि बहुत जल्द छतरपुर क्षेत्र में संचालित सभी क्रशर एवं पत्थर खदानों की व्यापक जांच कराने की मांग सरकार से की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार पत्थर उत्खनन के कारण भूजल स्तर 600 से 700 फीट तक नीचे चला गया है, जिससे गर्मी के दिनों में लोगों को पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ता है। अधिकतर खदानों में सरकार द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक गहराई तक खनन किया गया है। इसके अलावा खदानों से चलने वाले हाईवा वाहनों की ओवरलोडिंग के कारण प्रखंड की अधिकांश ग्रामीण सड़कें निर्माण के कुछ ही समय बाद क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिसकी भी जांच कराने की मांग की गई है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More