Pakur News: महिलाओं और किशोरियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की पहल

अमड़ापाड़ा: महिलाओं और किशोरियों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयुष विभाग की ओर से विशेष पहल की गई। इस दौरान मोहनपुर संथाली टोला और अमड़ापाड़ा क्षेत्र में कुल 78 महिलाओं एवं बच्चियों के बीच सैनेटरी नैपकिन और अंतःवस्त्र का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना जरूरी है, ताकि संक्रमण और अन्य बीमारियों से बचा जा सके।
इस मौके पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने महिलाओं को नियमित रूप से साफ-सफाई रखने, स्वच्छ सैनेटरी नैपकिन का उपयोग करने और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी। कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और इस पहल की सराहना की।


