Dhanbad News: पुरानी रंजिश में दो पक्षों के बीच मारपीट व बमबाजी

बाघमारा: गुरुवार की दोपहर पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और बमबाजी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद कुछ समय तक गांव में अफरातफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभाष सिंह की लिखित शिकायत पर बरोरा पुलिस ने बेहराकुदर निवासी शुभम सिंह, बंटी सिंह, कुणाल सिंह, युवराज सिंह तथा श्यामडीह कोलडंप निवासी नीरज पासवान सहित करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और बमबाजी कर माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।
वहीं दूसरे पक्ष के कुणाल सिंह ने डाक के माध्यम से भेजी गई शिकायत में प्रभाष सिंह, हेमंत सिंह, गोल्डी सिंह, भोला सिंह, बब्लू सिंह और मनबोध सिंह समेत 12 से 15 अज्ञात लोगों पर अचानक हमला करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हमलावरों ने बम फेंका, जिससे निकले छर्रे उनके पैर और शरीर में लग गए। साथ ही हवा में गोली चलाते हुए लोहे के रॉड से मारपीट की गई और रुपये भी छीन लिए गए। कुणाल सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह शिकायत दर्ज कराने बरोरा थाना पहुंचे तो आरोपित पहले से ही बड़ी संख्या में थाना परिसर में मौजूद थे। इससे भयभीत होकर वह थाना के बाहर से ही लौट गए और बाद में डाक के माध्यम से लिखित शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की। इधर, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


