Dhanbad News: पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट, बमबाजी से फैली दहशत

बाघमारा: बरोरा थाना क्षेत्र के बेहराकुदर गांव में गुरुवार को पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष द्वारा बमबाजी किए जाने से पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर बरोरा थाना और सोनारडीह ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के संबंध में प्रभाष सिंह ने बरोरा थाना में लिखित शिकायत देकर बताया कि गुरुवार की दोपहर करीब चार बजे वह अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान बेहराकुदर निवासी शुभम सिंह अपने आधा दर्जन साथियों के साथ वहां पहुंचा और उनके साथ मारपीट करने लगा। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके पास रखे करीब 20 हजार रुपये छीन लिए और घर में घुसकर लूटपाट का प्रयास किया।
पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने शोर मचाया तो परिवार के सदस्य मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी वहां से भागने लगे। भागते समय दहशत फैलाने के उद्देश्य से एक बम फोड़ दिया, जिससे आसपास के लोग भयभीत हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से बम के अवशेष और एक बाइक बरामद कर थाना ले गई। इस मामले में प्रभाष सिंह ने शुभम सिंह, बंटी सिंह, कुणाल सिंह, युवराज सिंह तथा नीरज पासवान समेत कई लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


