Giridih News: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बरगंडा में मेधा सम्मान समारोह, विजेताओं का हुआ सम्मान

बरगंडा विद्यालय में विजेताओं का सम्मान

गिरिडीह। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में बुधवार को वंदना सभा के अवसर पर भव्य मेधा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

उल्लेखनीय है कि चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, रामगढ़ में आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय विज्ञान-गणित मेला में आचार्या निशा श्रेष्ठ एवं आचार्य सुमन सौरभ के कुशल दिशा-निर्देशन में विद्यालय के भैया-बहनों ने गणित-विज्ञान मेला में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया। वहीं, विज्ञान पत्र-वाचन प्रतियोगिता में आचार्य गौरव मुखर्जी ने क्षेत्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। इसी गौरवशाली उपलब्धि के उपलक्ष्य में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार जैन एवं भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष महादेव दुबे की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथि द्वय एवं प्रधानाचार्य आनंद कमल द्वारा दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। मंच संचालन आचार्य अजित मिश्र ने किया तथा अतिथि परिचय प्रधानाचार्य ने कराया।

इस अवसर पर प्रबंधकारिणी समिति के उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार जैन ने पूर्व जिला अध्यक्ष महादेव दुबे को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। तत्पश्चात गणित-विज्ञान मेले के विजेता सभी भैया-बहनों एवं आचार्य गौरव मुखर्जी को सम्मानित किया गया।

अपने उद्बोधन में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष महादेव दुबे ने कहा कि प्रधानाचार्य के कुशल दिशा-निर्देशन में भैया-बहनों ने जो उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, वह अत्यंत सराहनीय है। इस प्रकार का आयोजन कर विद्यालय में आमंत्रित करने के लिए उन्होंने प्रधानाचार्य के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आप सभी का क्षेत्रीय स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक जाना गौरव का विषय है।

वहीं, अपने आशीर्वचन में प्रदीप कुमार जैन ने कहा कि यह सफलता अनुशासन और गुरु-शिष्य परंपरा का परिणाम है। आप सभी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपना परचम लहराएं, यही शुभकामना है। अंत में प्रधानाचार्य आनंद कमल ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More