मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी सख्त, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश

गिरिडीह : पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में रविवार को एसपी डॉक्टर बिमल कुमार की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर विगत माह में अपराध अनुसंधान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस पदाधिकारी सम्मानित किए गए। एसपी ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र दे कर सम्मानित किया।
अपराध गोष्ठी में एसपी ने थानों में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया। साथ ही वारंट एवं कुर्की का शीघ्र निष्पादन, पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन के कार्यों को तेजी से निबटाने और न्यायालय संबंधी कार्यों को समयबद्ध निपटारा करने का निर्देश पुलिस पदाधिकारियों को दिया। मौके पर विभिन्न आयोगों के पत्रों का अनुपालन एवं जनशिकायतों को प्राथमिकता के साथ निवारण को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
बैठक में एसपी डॉ बिमल कुमार ने आने वाले महाशिवरात्रि के पर्व के मौके पर विधि व्यवस्था दुरुस्त रखने और सुरक्षा के दृष्टिकोण से विशेष तैयारी रखने का भी निर्देश सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल इंस्पेक्टर और थाना ओपी प्रभारियों को दिया।




