Sahebganj News: जेएमएम केंद्रीय समिति की बड़ी कार्रवाई, बरहरवा नगर और तालझारी प्रखंड कमेटी भंग

साहिबगंज: झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) केंद्रीय समिति ने साहिबगंज जिले की दो महत्वपूर्ण इकाइयों पर बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय समिति द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, बरहरवा नगर कमेटी और प्रखंड कमेटी तालझारी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है।
महासचिव विनोद कुमार पांडेय द्वारा जारी आदेश पत्रांक JMM/1934-54/2026-2027, दिनांक 06/10/2026 में कहा गया है कि यह कार्रवाई साहिबगंज जिला समिति के पत्रांक JMM/SBG/09/2026 दिनांक 09/09/2026 द्वारा प्राप्त अनुशंसा के आलोक में की गई है।
आदेश में साथ ही साहिबगंज जिला समिति को निर्देश दिया गया है कि भंग की गई दोनों समितियों के पुनर्गठन के लिए आगामी 10 दिनों के अंदर जिला समिति की बैठक आयोजित की जाए। बैठक के बाद दोनों समितियों के गठन से संबंधित नामों की अनुशंसित सूची, कार्यवाही पुस्तिका की छायाप्रति के साथ केंद्रीय कार्यालय को भेजी जाए, ताकि केंद्रीय स्तर से नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जा सके। इस आदेश की प्रति साहिबगंज जिला समिति के अध्यक्ष/ सचिव को प्रेषित कर दी गई है।


