नगरपालिका चुनाव 2026: 2009 मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण संपन्न

पलामू : नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जी.एल.ए. कॉलेज स्थित ब्लॉक “ए” एवं ब्लॉक “बी”में मतदान पदाधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस दौरान कुल 2009 पीठासीन पदाधिकारी, प्रथम, द्वितीय,तृतीय एवं चतुर्थ मतदान पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण सत्र में पीठासीन पदाधिकारी सहित सभी मतदान पदाधिकारियों को उनकी भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गयी।पदाधिकारियों को मतदान दिवस पर शांतिपूर्ण मतदान कराने, मतदान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों तथा प्रयुक्त किए जाने वाले प्रपत्रों के संबंध में बिंदुवार जानकारी दी गयी।इसके अलावे मतपेटी को खोलने एवं सील करने की प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रदर्शन भी किया गया तथा सभी मतदान पदाधिकारियों को मतपेटी का हैंडहोल्ड कराया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम 54 मास्टर प्रशिक्षकों द्वारा संपन्न कराया गया।प्रशिक्षण सत्र का नियमित निरीक्षण भूमि सुधार उप समाहर्ता प्यारे लाल तथा जिला शिक्षा अधीक्षक संदीप कुमार ने किया।इस अवसर पर जिला प्रशिक्षक अमरेंद्र पाठक, श्यामलाल उरांव, अशोक सिंह, देवेंद्र मिंज, परियोजना पदाधिकारी विमलेश विश्वकर्मा एवं उपेंद्र कुमार, कार्यालय अधीक्षक राम लखन राम, तकनीकी विशेषज्ञ अल्तमस परवेज, जिला समन्वयक मुफ्ती अनवर तथा प्रशिक्षण समन्वयक अभय कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


