Koderma News: दुर्गापूजा को लेकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित

डोमचांच थाना परिसर में दिशा-निर्देश देते इंस्पेक्टर विकास पासवान व थाना प्रभारी।

कोडरमा: दुर्गापूजा को लेकर बुधवार को डोमचांच थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी शशि भूषण कुमार ने की। बैठक में विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधियों, पूजा समितियों के सदस्यों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में दुर्गापूजा के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ पूजा पंडालों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।

थाना प्रभारी शशि भूषण कुमार ने विभागीय निर्देशों की जानकारी देते हुए पूजा समितियों से पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी पूजा पंडालों में पर्याप्त संख्या में वालेंटियर की व्यवस्था की जाए, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस-प्रशासन का सहयोग किया जा सके। उन्होंने पंडालों में आपात स्थिति से निपटने के लिए बालू की व्यवस्था रखने का भी निर्देश दिया।

साथ ही सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके। थाना प्रभारी ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान शराब के सेवन और अवैध बिक्री पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट से बचने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे पोस्ट करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध के निर्देश की भी जानकारी दी गई।

इसके अलावा डोमचांच बाजार और प्रमुख चौक-चौराहों पर पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर चर्चा हुई। पूजा समितियों की ओर से आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान भी सुरक्षा एवं अनुशासन बनाए रखने की बात कही गई। इंस्पेक्टर विकास पासवान ने पूजा के दौरान सभी लोगों से सतर्कता बरतने तथा सरकार और प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन करने की अपील की। भाजपा नेता महेन्द्र प्रसाद वर्मा ने बैठक में पूजा के दौरान शराब की बिक्री पर पूर्ण रोक का मुद्दा उठाया।

बैठक में बीस सूत्री अध्यक्ष लीलावती मेहता, इंस्पेक्टर विकास पासवान, प्रमुख डॉ. सत्य नारायण यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश वर्मा, भाजपा नेता महेन्द्र प्रसाद वर्मा, पूर्व पार्षद अशोक यादव, पार्षद मुकेश कुमार, भाजपा नगर अध्यक्ष सुजीत कुमार, मो. सलीम अंसारी, पूर्व मुखिया राजेंद्र यादव, रामदेव पासवान, डॉ. संदीप घोष, पवन पांडेय, केपी चौधरी, बबन मेहता, वीरेंद्र पंडित, सुब्रत मुखर्जी, दिवाकर प्रसाद, राजेश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More