Hazaribagh News: एनटीपीसी बादम सीएमपी से चरही रेलवे साइडिंग जा रहे अवैध कोयला ट्रक जब्त

एनटीपीसी परिसर में जब्त ट्रकों में लोड कोयले का वजन कराते सीआईएसएफ जवान।

बडकागाँव: विश्वसनीय सूचना के आधार पर केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, इकाई एनटीपीसी-सीएमपी, हजारीबाग द्वारा वरिष्ठ कमाण्डेंट विवेक शर्मा के निर्देशन में तथा उप कमाण्डेंट सुरेश एवं सहायक कमाण्डेंट संजीव कुमार मीणा की उपस्थिति में अवैध कोयला खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। प्राप्त सूचना के अनुसार एनटीपीसी बादम सीएमपी कोयला खनन परियोजना क्षेत्र से अवैध रूप से कोयला लोड कर कुछ वाहन चरही रेलवे साइडिंग की ओर आने वाले थे।

सूचना की पुष्टि के उपरांत सीआईएसएफ के लगभग 50 बल सदस्यों द्वारा चरही रेलवे साइडिंग के समीप एम्बुश लगाया गया। अभियान के दौरान अवैध कोयला लदे 03 ट्रकों को रोककर पकड़ा गया, पकड़े गए तीनों वाहनों को सीआईएसएफ की सुरक्षा एवं निगरानी में एनटीपीसी के कांटा घर ले जाकर वजन कराया गया। वजन के दौरान तीनों ट्रकों में कुल 138.370 टन अवैध कोयला पाया गया।

जब्त कोयले का मूल्य एनटीपीसी द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मूल्यांकन पूर्ण होने के उपरांत निर्धारित किया जाएगा। जब्त कोयले एवं संबंधित वाहनों के संबंध में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 (एमएमडीआर एक्ट) के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत नियमानुसार अग्रेतर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सीआईएसएफ द्वारा की गई इस कार्रवाई में स्थानीय ग्रामीणों से प्राप्त विश्वसनीय सूचनाओं एवं उनके सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

स्थानीय ग्रामीणों द्वारा समय-समय पर उपलब्ध कराई जा रही सूचनाएं क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, परिवहन एवं भंडारण जैसी गतिविधियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। सीआईएसएफ द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध कोयला खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध छापेमारी एवं कार्रवाई का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। स्थानीय ग्रामीणों एवं अन्य विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जाएगी तथा इसमें संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

लेखक के बारे में

By Purushottam Upadhyay

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More