केशव महतो ने इरफान अंसारी को जनता की मांगों से कराया अवगत

रांची: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी से मिलकर रांची जिले के सिल्ली प्रखंड के पतरातू स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को मॉडल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उत्क्रमित करने के संबंध में जनता की मांगों से अवगत कराया। जिस पर स्वास्थ्य मंत्री ने अविलंब संज्ञान लेते हुए इसी वित्तीय वर्ष में इस मांग को पूरा करने पर अपनी सहमति प्रदान की।
कमलेश ने स्वास्थ्य मंत्री को अवगत कराते हुए कहा कि सिल्ली प्रखंड के पतरातु में विगत 35-40 वर्ष से अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित है। यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिल्ली बुंडू रोड पर स्थित है, इसके अगल-बगल के पंचायतों बंता हजाम दोवाडु बसंतपुर विनवाडीह लोवाहातु आदि मे लगभग 70000 आबादी निवास करती है, पतरातु से सिल्ली प्रखंड की दूरी 16 किलोमीटर राहे प्रखंड की दूरी 15 किलोमीटर एवं सोनहातू प्रखंड की दूरी 16 किलोमीटर है, यह स्वास्थ्य केंद्र तीनों प्रखंड के मध्य में अवस्थित है। प्राथमिक विद्यालय उच्च विद्यालय इंटर महाविद्यालय बैंक तथा अन्य सरकारी संस्थान भी अवस्थित हैं। अतः ग्रामीणों को समुचित चिकित्सा सुविधा लाभ मुहैया कराने हेतु इस अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को उत्क्रमित करना वर्तमान परिप्रेक्ष्य में अत्यंत आवश्यक है जिससे हजारों की संख्या में लोग चिकित्सकीय लाभ प्राप्त कर सके। मंत्री की इस घोषणा से पांच परगना क्षेत्र के नागरिकों में हर्ष की लहर दौड़ गई है।


