Koderma News: उपायुक्त की अध्यक्षता में अस्पताल प्रबंधन की हुई बैठक

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, उपाधीक्षक डॉ. रंजीत कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक चिकित्सक एवं कर्मी उपस्थित रहे।

कोडरमा: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में अस्पताल प्रबंधन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर अस्पताल समेत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु कई अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी चिकित्सकों की माहवार रिपोर्ट एवं डाटा उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही चिकित्सकों की रिपोर्टिंग समय का विवरण भी प्रस्तुत करने को कहा गया। सदर अस्पताल से रेफर किए जाने वाले मरीजों की सूची तैयार कर नियमित रूप से अद्यतन करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों का सत्यापन किया जाएगा। साथ ही इमरजेंसी में नाइट शिफ्ट के दौरान भी नियमित चिकित्सकों एवं कर्मियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। भुगतान से संबंधित सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का आदेश भी दिया गया।

उपायुक्त ने अस्पतालों में मरीजों की संख्या के अनुसार बेड की व्यवस्था को अद्यतन करने, टीवी मरीजों के लिए वार्ड एवं कमरे चिन्हित करने, नाइट शिफ्ट में साफ-सफाई की नियमित निगरानी रखने तथा तीनों पालियों में प्लंबर और इलेक्ट्रिशियन की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अस्पताल वार्डों में किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान हेतु एक मानक फॉर्मेट में सूची तैयार की जाएगी। बच्चों के जन्म और जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी केंद्रों पर बेबी किट और डिलीवरी किट की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त, अस्पताल परिसर में पान मसाला एवं धूम्रपान जैसे प्रतिबंधित गतिविधियों पर रोक लगाते हुए उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के प्रभावी संचालन हेतु एक नोडल पदाधिकारी की नियुक्ति करने और इमरजेंसी एरिया को विस्तारित करने के लिए आवश्यक कार्य करने के आदेश भी दिए गए। मरीजों से मिलने के लिए परिजनों के लिए समय निर्धारण, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने हेतु कर्मियों को प्रशिक्षण देने, सभी कर्मियों की रोस्टरवार ड्यूटी लगाने और उनकी बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य करने का निर्देश दिया गया।

एसएनसीयू में महिला चिकित्सक और प्रशिक्षित कर्मी की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ प्रत्येक सेक्शन में स्पष्ट रूप से ड्यूटी लगाने का निर्देश भी दिया गया। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, उपाधीक्षक डॉ. रंजीत कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक चिकित्सक एवं कर्मी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More