Giridih News: बदलती जीवनशैली और तनाव के कारण कम उम्र में बढ़ रहा हृदय रोग का खतरा

जमुआ: बदलती जीवनशैली, गलत खान-पान, तनाव, धूम्रपान, मोटापा, उच्च रक्तचाप और डायबिटीज के कारण कम उम्र में भी हृदय रोग का खतरा बढ़ता जा रहा है। युवाओं में हार्ट अटैक समेत हृदय संबंधी अन्य समस्याओं के मामले सामने आ रहे हैं। लोगों को अपने हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की जरूरत है। यह बातें प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. महेश कुशवाहा ने शनिवार को जमुआ स्थित दुबे नर्सिंग होम में मरीजों के उपचार के दौरान कहीं।
डॉ. महेश कुशवाहा प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को जमुआ के दुबे नर्सिंग होम तथा रविवार को गिरिडीह के साईं अस्पताल में मरीजों को अपनी सेवाएं देते हैं। शनिवार को उन्होंने दुबे नर्सिंग होम में प्रखंड क्षेत्र से पहुंचे 100 से अधिक मरीजों की जांच एवं उपचार किया। मौके पर भाकपा माले नेता सैयद मनौव्वर हसन बंटी ने भी डॉ.महेश कुशवाहा से मिल कर रूटीन चेकअप करवाए।श्री हसन ने बताया कि इनके जैसे चिकित्सक जमुआ जैसे सुदृढ़ क्षेत्रों में सेवा देना हमलोगों के लिए गर्व की बात है।
डॉ. कुशवाहा ने कहा कि वे रांची के कई प्रतिष्ठित अस्पतालों में सेवा देते हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समय निकालकर जमुआ आते हैं। इससे उन मरीजों को काफी सहूलियत मिलती है, जो इलाज के लिए रांची जाने में सक्षम नहीं हैं।
उन्होंने बताया कि सीने में दर्द या भारीपन, सांस फूलना, अत्यधिक पसीना आना, धड़कन का अनियमित होना तथा जबड़े या बांह में दर्द जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। डॉ. कुशवाहा ने लोगों से धूम्रपान से दूरी बनाने, संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने तथा वजन, ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने की अपील की। उन्होंने पर्याप्त नींद लेने और तनाव कम करने को भी हृदय को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी बताया।


