सूर्या हांसदा केस : आजसू की पहल पर आयोग सख़्त, गोड्डा DC-SP से चार सप्ताह में रिपोर्ट की तलब
-1024x614.jpeg)
रांची: सूर्या हांसदा केस में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने सख़्ती दिखाते हुए गोड्डा के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से चार सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) माँगी है। आयोग ने इसे मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए निर्देश जारी किए हैं।
यह मामला आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव संजय मेहता की पहल पर आयोग के संज्ञान में आया। मेहता ने 20 अगस्त को आयोग में आवेदन दिया था। इसके बाद 27 अगस्त को केस दर्ज हुआ और 29 अगस्त को आयोग ने विशेष जांच दल गठित करने का आदेश दिया। साथ ही एनएचआरसी के महानिदेशक (जांच) को निर्देश दिया गया कि वे 30 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
02 सितंबर को आयोग ने गोड्डा DC और SP को नोटिस जारी कर चार सप्ताह में रिपोर्ट देने का आदेश दिया। साथ ही पुलिस से यह भी पूछा गया कि आयोग को मुठभेड़ संबंधी जानकारी समय पर क्यों नहीं दी गई।
आयोग की सख्ती से पीड़ित परिवार में न्याय की उम्मीद जगी है। आजसू नेता संजय मेहता ने कहा कि यह लड़ाई हम कानूनी और न्यायिक दायरे में लड़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी-मूलवासी समुदाय को पुलिस की बर्बर कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल केस की जांच जारी है और आयोग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


