Sahebganj News: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने उधवा में मतदाता सूची सत्यापन का लिया जायजा

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने साहिबगंज के उधवा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य का निरीक्षण किया तथा पश्चिमी प्राणपुर पंचायत सचिवालय पहुंचकर बूथ संख्या 412 पर फर्जी मतदाताओं से जुड़ी शिकायत की गहन जांच की।

साहिबगंज: विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत चल रहे मतदाता सूची के सत्यापन कार्य का जायजा लेने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार राजमहल विधानसभा क्षेत्र के उधवा प्रखंड पहुंचे। उधवा दौरे के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे एसआईआर कार्य की प्रगति की जानकारी ली और पदाधिकारियों को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ तय समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

इसी क्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी पश्चिमी प्राणपुर पंचायत सचिवालय पहुंचे, जहां उन्होंने बूथ संख्या 412 से जुड़ी कथित फर्जी मतदाताओं की शिकायत की गहन जांच की। मौके पर मौजूद वर्तमान बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, एआरओ और ग्रामीणों से उन्होंने मतदाता सूची में दर्ज नामों और शिकायत से जुड़े तथ्यों पर विस्तार से चर्चा की। संबंधित दस्तावेजों और अभिलेखों की भी बारीकी से पड़ताल की।

पत्रकारों से बात करते हुए के. रवि कुमार ने कहा कि एसआईआर के दौरान एक विशिष्ट शिकायत सामने आई है, जिसके संबंध में संबंधित लोगों और अधिकारियों से जानकारी ली जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पुनरीक्षण के दौरान कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।

फिलहाल कथित फर्जी मतदाताओं से जुड़ी शिकायत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों द्वारा जुटाए गए दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही मामले का पटाक्षेप होगा।मौके पर उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, उधवा प्रखंड विकास पदाधिकारी जयंत कुमार तिवारी सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More