Dhanbad News: स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के चौथे दिन चला व्यापक सफाई व जन-जागरूकता अभियान

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते रेलकर्मी।

धनाब्द: रविवार को स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अवसर पर धनबाद रेल मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ के चौथे दिन व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। SCDPM 6.0 (Special Campaign) के अंतर्गत मंडल के प्रमुख स्टेशनों, रेल परिसरों, कार्यालयों तथा रेलवे कॉलोनियों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाकर स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अभियान के तहत स्टेशन प्लेटफॉर्म, रेल पटरियों के आसपास के क्षेत्र, प्रतीक्षालय, फुटओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया तथा स्टेशन शौचालयों की गहन सफाई की गई।

प्लेटफॉर्म एवं अन्य यात्री सुविधा क्षेत्रों से कचरा एवं प्लास्टिक हटाकर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया गया। रेल परिसरों में स्वच्छता के साथ-साथ नियमित साफ-सफाई बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। SCDPM 6.0 के अंतर्गत रेल कार्यालयों में लंबे समय से लंबित मामलों के निस्तारण तथा अनुपयोगी सामग्री को हटाने की दिशा में भी विशेष अभियान चलाया गया।

इस दौरान पुराने एवं अनुपयोगी अभिलेखों, फाइलों तथा स्क्रैप/कबाड़ को चिन्हित कर नियमानुसार निस्तारण की प्रक्रिया को तेज किया गया। इसका उद्देश्य कार्यालय परिसरों में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के साथ कार्यस्थल को अधिक स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं कार्यकुशल बनाना है। स्वच्छता अभियान के साथ-साथ विभिन्न स्टेशनों पर ‘जन संवाद’ एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेलवे कर्मचारियों ने यात्रियों, स्थानीय दुकानदारों एवं वेंडरों से संवाद कर स्वच्छता बनाए रखने में उनकी सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

जन संवाद के दौरान यात्रियों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा निर्धारित डस्टबिन का ही उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए इसके स्थान पर कपड़े एवं जूट के थैलों जैसे पर्यावरण अनुकूल विकल्पों के उपयोग का आग्रह किया गया। रेलवे कर्मचारियों ने यात्रियों को संदेश दिया कि स्वच्छ रेल परिसर और स्वच्छ यात्रा वातावरण बनाए रखना केवल रेलवे प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक यात्री एवं नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सभी से ट्रेनों, प्लेटफॉर्मों एवं रेल परिसरों में कचरा न फैलाने तथा स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की गई। धनबाद मंडल द्वारा ‘स्वच्छ रेल–स्वच्छ भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के दौरान मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता, जागरूकता एवं जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More