खबर छपी और हरकत में आया रेलवे, मिर्जाचौकी स्टेशन पर तुरंत ठीक कराया गया खराब नल

साहिबगंज। समृद्ध झारखंड (दैनिक) में प्रकाशित खबर का त्वरित असर देखने को मिला है। मिर्जाचौकी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पिछले कई दिनों से खराब पड़े ठंडा पानी मशीन के नल को आखिरकार दुरुस्त कर दिया गया है।
बता दें कि बीते दिनों इस प्लेटफॉर्म पर लगी वाटर कूलर मशीन का एक नल खराब हो गया था, जिसके कारण यात्रियों को ठंडा और साफ पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा था। गर्मी और ट्रेनों की आवाजाही के बीच यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
यह भी पढ़े: Sahibganj News: मिर्जाचौकी रेलवे स्टेशन पर शोपीस बना वाटर कूलर, प्यासे यात्री परेशान
इस समस्या को लेकर समृद्ध झारखंड दैनिक के माध्यम से रेलवे विभाग से नल को ठीक कराने का अनुरोध किया गया था। खबर को गंभीरता से लेते हुए मिर्जाचौकी स्टेशन मास्टर ने त्वरित कार्रवाई की और तकनीकी टीम को बुलाकर खराब नल की मरम्मत करवाई।
मरम्मत के बाद अब नल से फिर से शीतल और स्वच्छ जल की आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू हो गई है। प्लेटफॉर्म पर पानी पीते यात्रियों ने कहा कि यह एक छोटी, लेकिन बहुत बड़ी राहत है। यात्रियों ने इस सकारात्मक और संवेदनशील पहल के लिए स्टेशन मास्टर और रेलवे विभाग को दिल से धन्यवाद दिया है।
रेलवे का यह कदम साबित करता है कि यदि समस्याओं को सही मंच पर उठाया जाए, तो समाधान जरूर निकलता है।


