Sahibganj News: मिर्जाचौकी रेलवे स्टेशन पर शोपीस बना वाटर कूलर, प्यासे यात्री परेशान

साहिबगंज: मिर्जाचौकी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगाया गया ठंडे पानी का वाटर कूलर पिछले कई दिनों से खराब पड़ा है। प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर रेलवे विभाग द्वारा कुछ माह पूर्व यात्रियों को शुद्ध और ठंडा पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाटर कूलर मशीन लगाई गई थी। शुरुआत में इससे यात्रियों को काफी राहत मिल रही थी, लेकिन अब मशीन बंद पड़ी है।
गर्मी और उमस के बीच ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। स्टेशन पर पानी की पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिला यात्रियों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्रियों को मजबूरी में स्टेशन के बाहर दुकानों से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है।
स्थानीय यात्रियों और ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से खराब वाटर कूलर की जल्द मरम्मत कराकर उसे चालू कराने की मांग की है। यात्रियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में स्टेशन पर पेयजल की व्यवस्था सुचारु रहना बेहद जरूरी है। मशीन के जल्द चालू होने से यात्रियों को राहत मिल सकेगी।


